RANCHI: झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की नई अध्यक्ष के रूप में रमा खलखो की नियुक्ति की गई है। इससे झारखंड कांग्रेस परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उनकी नियुक्ति को एक सशक्त, जुझारू और जमीनी नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा के प्रति आभार व्यक्त किया है। पार्टी ने कहा कि उन्होंने राज्य की महिला शक्ति को मजबूत करने के लिए रमा खलखो जैसी कर्मठ नेत्री को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रमा खलखो को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में झारखंड महिला कांग्रेस नई ऊर्जा और दिशा के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि रमा खलखो का नेतृत्व महिलाओं के संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों की मजबूत आवाज बनेगा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ-साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ महिला कांग्रेस अब और भी प्रखरता से संघर्ष करेगी। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस टीम ने भी रमा खलखो को पूर्ण सहयोग का भरोसा जताया। बधाई देने वालों में रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुंजनी, अमूल नीरज खलखो, सोनाल शांति, डॉ. राकेश किरण महतो, कुमार राजा, गजेंद्र सिंह, अभिलाष साहू, राजन वर्मा, समेत कई नेता शामिल थे।

