RANCHI: भ्रष्टाचार के आरोपों में पहले से जेल में बंद विनय चौबे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें हजारीबाग लैंड स्कैम से जुड़े एक और मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले सोमवार को एसीबी ने इस मामले में कांड संख्या 11/2025 के तहत उनकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था, जिसे मंगलवार को एसीबी की विशेष कोर्ट ने मंजूरी दे दी। इसके बाद एजेंसी ने औपचारिक रूप से विनय चौबे को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया।

शराब और जमीन घोटाला के आरोपी
विनय चौबे पहले से ही दो अन्य मामलों शराब घोटाला और खासमहल जमीन घोटाला में आरोपी हैं। अब एसीबी ने उन्हें वन भूमि घोटाले से जुड़े तीसरे मामले में भी अभियुक्त बनाया है। इन तीनों मामलों में एसीबी ने ठोस सबूत और गवाहों के बयान कोर्ट में पेश किए हैं। मंगलवार को विनय चौबे की पेशी हजारीबाग एसीबी की विशेष कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई गई। एसीबी की जांच में खुलासा हुआ है कि विवादित भूमि हजारीबाग सदर अंचल के थाना नंबर 252, खाता नंबर 95 और 73 के कई प्लॉटों से जुड़ी है, जिसकी कुल रकबा लगभग 1 एकड़ है। एसीबी का आरोप है कि तत्कालीन डीसी विनय चौबे ने इस सरकारी भूमि को विनय सिंह और उनकी पत्नी के नाम पर दर्ज कराने में भूमिका निभाई। फिलहाल इस भूमि पर नेक्सजेन नामक शोरूम संचालित है।
READ ALSO: RANCHI JANTA DARBAR: रांची के सभी अंचलों में लगा जनता दरबार, ON SPOT समस्या का समाधान

