
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां केबल बिछाने के दौरान 11 केवी ट्रांसफॉर्मर पर काम कर रहा मजदूर हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना आजादनगर स्थित गांधी मैदान के पास हुई। हादसे में झुलसा मजदूर बिहार का रहने वाला है। उसका नाम राजू सैनी है। वह समस्तीपुर का रहने वाला है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की आवाज तेज धमाके की तरह सुनाई दी। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे मजदूर को फौरन मानगो स्थित गुरु नानक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताते हैं कि केबल बिछाने का काम वोल्टास कंपनी के माध्यम से हो रहा है और बिजली सप्लाई बंद कराने की जिम्मेदारी बिजली विभाग की थी। लेकिन लापरवाही यह रही कि ट्रांसफॉर्मर से जुड़े दो फीडरों में से केवल आजादनगर फीडर को बंद किया गया, जबकि कुंवर बस्ती फीडर चालू था। इसी सक्रिय लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण मजदूर हादसे का शिकार हुआ। लोगों की मांग है कि इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। आखिर मजदूर को किसकी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। जो भी लोग इस मामले में दोषी हैं उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और वोल्टास कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि किसी भी कार्य से पहले ट्रांसफॉर्मर से जुड़े सभी फीडरों की जांच और बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद होना जरूरी है, लेकिन विभागीय लापरवाही ने मजदूर की जान जोखिम में डाल दी।
घायल मजदूर राजू सैनी चार बच्चों का पिता है। लोगों ने सरकार, बिजली विभाग और ठेका कंपनी से उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा उपाय समय पर अपनाए जाते तो हादसा टल सकता था।

