Giridih : गिरीडीह में मानवता को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने एक महिला पर खौलता तेल फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

यह घटना गिरीडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है। रविवार देर शाम हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने सोमवार को बताया कि इस मामले में उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी मनीष चौधरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पीड़िता का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। महिला ने बताया कि उसका पति दिव्यांग है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वह गांव में समोसा-पकौड़ी की दुकान चलाती है। रविवार शाम जब वह दुकान पर पकौड़ी तल रही थी, तभी बगल गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी वहां पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कढ़ाही में रखा खौलता तेल उसके ऊपर उड़ेल दिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने महिला को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश वर्मा ने आरोप लगाया कि दोनों युवक पहले से ही दबंग और बदतमीज प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

