Jamshedpur : गालूडीह थाना क्षेत्र के बाघुड़िया पंचायत के चाढ़री गांव के पास शनिवार को खेतों के बीच स्थित कुएं से 56 वर्षीय एक व्यक्ति की लाश बरामद की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि व्यक्ति की मौत कैसे हो गई।
बताया जा रहा है कि कासपानी गांव निवासी भागवत सोरेन उर्फ हाथीराम ने नेशनल हाईवे पर ढाबा खोला था। वह यहां प्रतिदिन ढाबे पर आ जाया करता था। वह छह जनवरी को ढाबा पर आया तो वापस घर नहीं लौटा। तब से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मगर, वह कहीं नहीं मिला। सुबह जब कुंए में शव मिला तो ग्रामीणों का वहां मजमा लग गया।
लोग तरह-तरह की बातें कर रहे थे। कोई इसे हादसा मान रहा था तो कोई कह रहा था कि यह हत्या का मामला हो सकता है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि भागवत सोरेन की मौत कैसे हुई है।
परिजनों का कहना है कि भागवत सोरेन की तबीयत ठीक नहीं रहती थी। उसका इलाज चल रहा था। इसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान भी रहता था। वह ढाबा चलाने के साथ ही खेती भी करने का काम करता था। जब वह छह जनवरी को घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
परिजनों का कहना है कि जब उन्हें कुंए में शव मिलने की सूचना मिली तो वह वहां पहुंचे। शव भगवत सोरेन का ही था। भगवत की मौत पर उनकी पत्नी कपरा सोरेन, बेटा दुर्गाचरण सोरेन, बेटी मीनुका सोरेन और भाई गणेश सोरेन का रो रो कर खराब हाल है।

