RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से रहस्यमय तरीके से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका की तलाश अब और तेज कर दी गई है। दोनों बच्चे 2 जनवरी से लापता हैं और अब तक उनका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस के साथ-साथ सीआईडी भी जांच में सक्रिय हो गई है। पुलिस ने बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है। लोगों से जानकारी साझा करने के लिए इनाम की राशि बढ़ाकर अब 2 लाख रुपये कर दी गई है। पहले यह इनाम 51 हजार रुपये घोषित किया गया था। लेकिन समय बीतने और बच्चों का पता न चल पाने के कारण राशि बढ़ा दी गई।
रांची पुलिस के एसएसपी कार्यालय की ओर से दोनों बच्चों के फोटो और पहचान संबंधी विवरण के साथ पोस्टर जारी किए गए हैं। सीआईडी ने सभी राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए ह्यू एंड क्राई नोटिस भी जारी किया है, ताकि किसी भी संभावित सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की तलाश हर संभावित दिशा में की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी अंश या अंशिका के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।

