RANCHI: रेल सुरक्षा बल पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम रांची ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कमांडेंट आरपीएफ रांची मंडल पवन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान हटिया रेलवे स्टेशन से 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई 15 जनवरी को की गई। ट्रेन संख्या 18452 पुरी हटिया एक्सप्रेस के आने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित पार्सल कार्यालय के पास दो युवक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में बैठे पाए गए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मंटू मलिक उर्फ मनोरंजन मलिक संबलपुर ओडिशा और आलोक डिगल कंधमाल ओडिशा बताया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।
सूचना मिलने पर सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ रांची अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर सभी की तलाशी ली गई। तलाशी में दोनों बैग से 8-8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। परीक्षण किट से जांच में बरामद पदार्थ गांजा ही पाया गया।
आरपीएफ ने गांजा के साथ दो मोबाइल फोन और एक रेलवे ई-टिकट भी जब्त किया। इसके बाद दोनों आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस हटिया को सौंप दिया गया। जहां एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम रांची के अधिकारियों व जवानों की अहम भूमिका रही।
एक साल में 530 किलो गांजा पकड़ाया, 39 लोगों को भेजा जेल
आरपीएफ ने रांची डिविजन से नशे का सामान तस्करी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। इतना ही नहीं दर्जनों लोगों को सलाखों के पीछे भी भेजने का काम किया है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जनवरी से दिसंबर 2025 तक आरपीएफ ने डिविजन से भारी मात्रा में नशे का सामान बरामद किया है। वहीं 39 लोगों को जेल भेजा गया है।आरपीएफ की एनुअल रिपोर्ट के अनुसार, बीते वर्ष ट्रेन के जरिए गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले 39 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस दौरान कुल 530.08 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक यह गांजा मुख्य रूप से बिहार ले जाकर खपाने की तैयारी थी।

