RANCHI: रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने शनिवार को निगम अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ बड़ा तालाब में साफ पानी प्रवाहित करने के उद्देश्य से स्थापित 3 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण किया। जिससे सेवा सदन, अपर बाजार और आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले नाले के अपशिष्ट जल को साफ कर तालाब में छोड़ा जाता है। निरीक्षण के दौरान इंजीनियरों ने बताया कि एसटीपी वर्तमान में अपनी पूर्ण क्षमता पर सुचारू रूप से काम कर रहा है और ट्रीटेड जल सीधे बड़े तालाब में छोड़ा किया जा रहा है। प्रशासक ने एसटीपी की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट की नियमित निगरानी करते हुए इसे पूरी क्षमता पर संचालित किया जाए।
फिर निकाला जाएगा गाद
साथ ही प्रशासक ने बड़ा तालाब में वर्षों से जमी गाद हटाने के लिए पोकलेन और सुपर सकर मशीन का उपयोग कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिससे कि तालाब को प्रदूषण मुक्त और दुर्गंध रहित बनाया जा सके। उन्होंने अतिरिक्त एसटीपी निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया। प्रशासक ने कहा कि बड़ा तालाब सहित शहर के सभी जलाशयों को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
140 आवासों की ई-लॉटरी
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत धुर्वा में निर्मित लाइट हाउस प्रोजेक्ट के शेष 140 आवासों का ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन निगम कार्यालय में सम्पन्न हुआ। इस प्रक्रिया में 311 योग्य आवेदकों के बीच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आवंटन किया गया। चयनित लाभुकों को आवंटन पत्र प्राप्ति के एक सप्ताह के भीतर 3,37,000 की पहली किस्त और एक माह के भीतर दूसरी किस्त जमा करनी होगी या पूरी राशि एकमुश्त 6,74,000 जमा करने का विकल्प रहेगा। इसके अलावा लाभुकों के लिए रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन की सदस्यता लेना और मासिक मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा।
READ ALSO: RANCHI JMM NEWS: झामुमो महासचिव ने भाजपा पर लगाया आरोप, पीएम मोदी को लेकर कही ये बात

