चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में कुएं में एक महिला की लाश मिलने से हड़कंप। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कुएं से शव को निकाल कर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मनोहरपुर थाना अंतर्गत मणिपुर के मुखी टोला स्थित एक पुराने कुएं में मिला शव वृद्ध महिला 58 वर्षीय पार्वती कच्छप का है। घटना की सूचना किसी ने मनोहरपुर थाना पुलिस को दी।

इसके बाद डीएसपी जयदीप लकड़ा, अवर निरीक्षक राजेश कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। इसके बाद कुएं से शव निकाला गया। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इधर महिला की जब पहचान हुई तो सूचना मिलते ही उसके बेटे सुखराम कच्छप भी घटनास्थल पहुंच गए।
रात को शादी पार्टी में गई थी महिला
सुखराम कच्छप ने पुलिस को बताया कि उनकी मां बुधवार की शाम को एक शादी में गई थीं। इसके बाद वो घर नहीं लौटीं। परिजनों ने सम्भावना व्यक्त की है कि महिला शराब के नशे में देर रात घर लौटने के क्रम में कुएं में गिर गई होंगी। इससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज कर लिया यूडी केस
हालांकि मृतक के बेटे के बयान पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
Read Also: Hazaribag Crime : हजारीबाग में जय माता दी ज्वेलर्स लूट कांड के मास्टरमाइंड को पुलिस ने किया गिरफ्तार

