RANCHI: रांची के होनहार छात्र सृजन शाश्वत ने देशभर में झारखंड का नाम रोशन किया है। सृजन ने यूजीसी नेट जेआरएफ परीक्षा में इकोनॉमिक्स विषय में ऑल इंडिया रैंक 10 हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने इस परीक्षा में 99.97 पर्सेंटाइल स्कोर किया है। सृजन ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस पिलानी से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की है। इससे पहले भी सृजन ने गेट इकोनॉमिक्स परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। बारहवीं की पढ़ाई डीपीएस रांची से पूरी की और वर्ष 2020 में सीबीएसई झारखंड स्टेट टॉपर रहे। उनके पिता संजय कुमार ठाकुर सीसीएल में महाप्रबंधक हैं, जबकि माता रीना ठाकुर लोरेटो कॉन्वेंट रांची में शिक्षिका हैं। सृजन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और निरंतर मेहनत को दिया है।


