Jamshedpur : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के गोराडीह कैनाल के पास शुक्रवार को आटा लदी पिकअप वैन 20 फीट नीचे गड्ढे में जाकर पलट गई। इस सड़क हादसे में वैन चालक और उस पर सवार दो मजदूर बाल बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक व दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बताते हैं कि यह पिकअप वैन धालभूमगढ़ से आटा लोड कर परसूडीह बाजार समिति जा रही थी। गोराडीह कैनाल के पास चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। बताते हैं कि जहां पर यह हादसा हुआ। वहां काफी ऊंची चढ़ाई है। चालक के अचानक नियंत्रण खो देने से वैन पीछे लुढ़कते हुए नीचे गड्ढे में जाकर पलट गई।
घटना की जानकारी मिलने पर वाहन मालिक कृष्ण कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने फौरन दूसरी गाड़ी बुलाई और उसमें आटा लोड कर परसूडीह बाजार समिति भेज दिया। गड्ढे से पिकअप वैन को निकाला जा रहा है।
इलाके के लोगों का कहना है कि सड़क खराब होने की वजह से यह हादसा हुआ है। लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन इस तरफ ध्यान दे और सड़क ठीक कराए।

