RANCHI: पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल मेसरा में आधुनिक आर्चरी एरेना का उद्घाटन शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक दृढ़ता का खेल है, जो एकाग्रता, अनुशासन और आत्मसंयम सिखाता है। उन्होंने स्टूडेंट्स से खेल को जीवन दर्शन बनाने और निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। इसके बाद अधिकारियों ने आर्चरी सूट पहनकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया और फीफा फुटबॉल किक ऑफ भी। उन्होंने ये भी कहा कि यह पहल स्टूडेंट्स में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

तीरंदाजी प्रशिक्षण को नई दिशा
आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित इस अत्याधुनिक सुविधा से स्कूल में तीरंदाजी प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत के पारंपरिक स्वागत से हुई। छात्राओं ने स्वागत गीत, आकर्षक बैंड डिस्प्ले और नागपुरी लोक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।
प्रिंसिपल एनोस केरकेटा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस उपलब्धि को स्कूल के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के जोनल हेड प्रणव कुमार ने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर स्कूल की पत्रिका ‘नव स्वर’ का विमोचन भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। साथ ही शिक्षा मंत्रालय की ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ योजना के तहत विभिन्न स्कूलों के स्टूडेंट्स को फुटबॉल वितरित किए गए।

