Jamshedpur : देहरादून में हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के गैंगवार का नतीजा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल तीन शूटरों की भी पहचान हो गई है। इन शूटरों में बागबेड़ा का विशाल, आकाश प्रसाद और जुगसलाई का आशुतोष शामिल हैं।
पता चल रहा है कि विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश दुमका जेल में रची गई थी। बताया जा रहा है कि वर्चस्व की जंग में विक्रम शर्मा को रास्ते से हटाया गया है। पूरे मामले में प्रभात नामक युवक का नाम भी आ रहा है। कहा जा रहा है कि प्रभात एक ठेके के छिन जाने से विक्रम शर्मा से नाराज चल रहा था। उसी ने हत्या की पूरी कहानी रची है। मगर, पुलिस की जांच में अब तक ऐसा कुछ भी नहीं मिला है। जबकि, गैंगवार में हत्या होने की घटना के बारे में पुलिस को ठोस सुराग हासिल हुए हैं। पुलिस को इस मामले में गणेश गिरोह के होने का शक है। पुलिस अब इस लाइन पर मामले की तहकीकात कर रही है। कहा जा रहा है कि दुमका जेल में अखिलेश सिंह की इस गिरोह के कुछ लोगों से कहासुनीहो गई थी। इसी के बाद बाहर ठेका और अन्य कारोबार में विक्रम शर्मा और इस गिरोह के बीच ठनी रहती थी। इसीलिए, विक्रम शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना तैयार की गई थी।

गौरतलब है कि सीसीटीवी फुटेज में आकाश प्रसाद, आशुतोष कुमार और विशाल नामक आरोपियों के चेहरे सामने आए हैं, जो इस हत्याकांड में शामिल हैं। जांच में पता चला है कि शूटर वारदात से पहले हरिद्वार में ठहरे थे। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक होटल में उनकी मौजूदगी कैमरे में कैद हुई है। यहीं से उन्होंने देहरादून जाने के लिए स्कूटी और मोटरसाइकिल किराए पर ली थी। हत्या के बाद वाहन लौटाकर सभी फरार हो गए। मामले की गहन जांच के लिए देहरादून पुलिस की टीम जमशेदपुर में है और लगातार नए सुराग जुटाए जा रहे हैं।
इस मामले में देहरादून की डालनवाला थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पत्नी सोनिया की सहमति से उनके करीबी दोस्त अखिलेश सिंह ने कोतवाली में आवेदन दिया। अखिलेश सिंह के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:40 बजे उन्हें गौरव सिंह का फोन आया, जिसने बताया कि जिम के बाहर विक्रम शर्मा पर फायरिंग हुई है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने विक्रम शर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दिए बयान में अखिलेश सिंह ने बताया कि सोनिया उन्हें भाई मानती हैं और सदमे में होने के कारण उन्होंने ही कानूनी कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी है।
डालनवाला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुंवर ने बताया कि कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, शनिवार को देहरादून में विक्रम शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके परिजन, करीबी मित्र और झारखंड से आए कई जानकार लोग शामिल हुए।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

