- परियोजना की अनुमानित लागत 326 करोड़ रुपये, बनने से कम होगा ट्रैफिक जाम
- रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के कारण पूर्व के डिजाइन को करना पड़ा कैंसिल
रांची : राजधानी रांची में बहुप्रतीक्षित हरमू फ्लाईओवर निर्माण के लिए नगर निकाय चुनाव के बाद टेंडर जारी कर दिया जाएगा। चुनाव के कारण लागू आचार संहिता हटने के बाद इसके निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की जाएगी। गौरतलब है कि हेमंत सरकार ने एक वर्ष पहले ही डीपीआर तैयार कराकर निर्माण की मंजूरी दे दी थी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 326 करोड़ रुपये है।

निर्माण के लिए एक बार टेंडर भी जारी किया गया था, लेकिन डिजाइन में गड़बड़ी पाए जाने के बाद उसमें संशोधन की आवश्यकता महसूस की गई। रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के कारण हरमू फ्लाईओवर के पूर्व के डिजाइन को कैंसिल करना पड़ा और नए सिरे से रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़कर बनाने की योजना तैयार की गई है।
जज कॉलोनी तक होगा जुड़ाव
इंजीनियरों के अनुसार, यह ओवरब्रिज सहजाननंद चौक से शुरू होकर गौशाला चौक होते हुए कांके रोड जज कॉलोनी तक जाएगा। इसका उद्देश्य हरमू रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम करना है। पहले यह फ्लाईओवर सहजानंद चौक से जज कॉलोनी तक प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए नया डिजाइन तैयार किया गया है, जो जज कॉलोनी के पास उतरेगा।

