
रांची: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री, धनबाद के पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक का सोमवार को रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई। वर्ष 2009 में धनबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं।
उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सोमवार अपराह्न 1:30 बजे झारखंड विधानसभा के पोर्टिको संख्या-1 में रखा गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने स्वर्गीय मन्नान मलिक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहकर झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी विधानसभा पहुंचकर मन्नान मलिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडेय सिंह, विधायक कल्पना सोरेन, मथुरा प्रसाद, मो. ताजुद्दीन, नमन बिक्सल कोंगाड़ी, दशरथ गगराई, प्रकाश राम, डॉ. नीरा यादव, ममता देवी तथा पूर्व मंत्री आलमगीर आलम सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार, विधानसभा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, परिजन और समर्थक भी मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी।

