Ramgarh: रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में जेवर व्यवसायी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र के चार बदमाशों सद्दाम, ऐनुअल अंसारी, दीपक कुमार और मोईन अंसारी को गिरफ्तार किया है।

बरामद कर लिए गए लूटे गए जेवरात
इनके पास से पुलिस ने लूटा गया आठ जोड़ी सोने की कान की बाली, सोने की चार चेन, चार मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त एक ऑल्टो कार बरामद की है। पुलिस ने लिखा-पढी कर चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने एसपी अजय कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लूटपाट की यह घटना 4 फरवरी को अंजाम दी गई थी। गोला के बिहारी ज्वेलर्स के मालिक बिहारी प्रसाद स्वर्णकार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी सुकरीगढा भेड़ा पुल के पास बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और पिस्तौल दिखाकर ₹70000 नकद, आभूषण से भरा थैला, मोबाइल और बाइक की चाबी लूट ली थी।
गोला थाने में दर्ज हुई थी लूट की FIR
इस मामले में गोला थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस कर्मियों की एक टीम बनाई गई थी। इस टीम ने इलाके में मुखबिरों का जाल फैला दिया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि केरेडारी का रहने वाला दीपक कुमार रांची में है और लूट की एक वारदात को अंजाम देने वाला है। इस पर पुलिस ने छापामारी कर दीपक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बिहारी ज्वेलर्स के मालिक से भी लूट की घटना स्वीकार कर ली थी। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा, ऑल्टो कार पल्सर बाइक और एक बुलेट भी बरामद की है।
शातिर अपराधी हैं पकड़े गए आरोपी
एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार बदमाश शातिर अपराधी हैं। सद्दाम 30 वर्ष का है। सद्दाम हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बोकारो, रामगढ़, रांची और हजारीबाग में 9 केस दर्ज हैं। वह तीन बार जेल जा चुका है। एनुअल अंसारी हजारीबाग और रामगढ़ जिले का अपराधी है। इस पर इन दोनों जिले में तीन केस दर्ज हैं। वह भी तीन बार जेल जा चुका है। मोइन अंसारी के खिलाफ पेटरवार थाने में मामला पहले भी दर्ज हो चुका है। दीपक भी शातिर अपराधी है। उस पर पहले से चार केस हैं। वह चार बार जेल की हवा खा चुका है। एसपी ने बताया कि इस घटना में कई अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

