चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूंगी थाना अंतर्गत कुसमबे गांव में 24 वर्षीय युवती सुमित्रा बरजो ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कुमारडूंगी थाना अंतर्गत कुसमबे गांव निवासी पिता लखन बरजो ने बताया कि रविवार रात सुमित्रा परिजनों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। आधी रात के बाद वह घर से निकल गई।
मुंडा ने कुमारडूंगी पुलिस को दी जानकारी
सोमवार सुबह मृतका की मां जसमती बरजो जब शौच के लिए खेत की ओर जा रही थीं, तो उन्होंने गांव से कुछ दूर सुमित्रा को मृत अवस्था में देखा। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना ग्रामीण मुंडा को दी। मुंडा ने कुमारडूंगी पुलिस को जानकारी दी।
की जा रही मौत के कारणों की जांच
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। गांव में मातम पसरा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

