चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र सारंडा जंगल में शनिवार को आईईडी ब्लास्ट हो गया, जिसमें सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन-209 के दो जवान घायल हो गए। यह घटना सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान छोटानागरा थाना क्षेत्र के चडरीडेरा गांव के पास हुई। घायल जवानों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल पहुंचाया गया। हबलदार विनोद कुमार का लेफ्ट पैर ब्लास्ट में उड़ गया है। बाकी दूसरा को स्प्लिंटर लगा है।
एसपी अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भाकपा-माओवादी संगठन के नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। घटना में एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरे को हल्की चोट लगी है। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
यहां बता दें कि हाल ही में सुरक्षाबलों को कई बड़ी सफलता मिली है। दूसरी तरफ, नक्सलियों ने जगह-जगह आईईडी बिछा रखे हैं, ताकि उनकी तलाश में आने वाले सुरक्षाबल के जवान इसकी चपेट में आ जाएं। तमाम सतर्कता के बावजूद सारंडा में आईईडी विस्फोट की घटनाएं हो रही हैं।
पश्चिमी सिंहभूम के जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में ज्यादा अंदर तक न जाएं। अगर वे जाते हैं, तो सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों को जड़ से खत्म करने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

