RANCHI: खेलगांव थाना क्षेत्र में युवक के हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। वहीं इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से पुलिस को एक देसी कट्टा, खून लगा जैकेट-मिट्टी, मोबाइल, बाइक और स्कूटी बरामद की गई है। बता दें कि खेलगांव थाना अंतर्गत आनंद विहार केपी स्कूल के पास 19 फरवरी की सुबह करीब एक युवक का शव मिला था। जिसकी पहचान कांटाटोली रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी के रूप में हुई थी। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे।

मामला दर्ज किए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छानबीन की गई। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक का आनंद विहार निवासी बिउला टोप्पो के साथ पिछले 15-16 वर्षों से प्रेम प्रसंग था। इसे लेकर बिउला टोप्पो के पति जोन्सन मिंज काफी परेशान था। जोन्सन मिंज ने अपने सहयोगी दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर आशिफ अंसारी की हत्या की साजिश रची। हत्या के लिए प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये और प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख रुपये सुपारी दी गई। दीपक अग्रवाल को भी करीब 4 लाख रुपये दिए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जोन्सन मिंज, बिउला टोप्पो, दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार और प्रेम लकड़ा सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
READ ALSO: THE PHOTON NEWS IMPACT: जमीन से बाहर आई सीमेंट की कुर्सियां, जानें क्या है पूरा मामला

