RANCHI: रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन को लेकर मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को रविवार को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से विधिवत रवाना किया गया। जिला प्रशासन ने मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर व्यवस्था जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर तथा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

गोपनीयता और शांति सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र, निर्वाचन रजिस्टर और मतदाता सूची सहित सभी सामग्री सुव्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि सामग्री प्राप्ति के बाद उसका मिलान सुनिश्चित कर ही संबंधित टीमों को प्रस्थान कराने को कहा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने और बंद करने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सीलिंग और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता और शांति सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और संबंधित दंडाधिकारी को देने का निर्देश भी दिया गया।
सील कर स्ट्रांग रूम में जमा करें
उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के बाद बैलट बॉक्स की विधिवत सीलिंग कर उसे निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ पेयजल, शौचालय, बिजली और रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की हैं, ताकि मतदाता निर्भीक और सुगम वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 फरवरी को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

