रांची : रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली रेड बर्ड एयरवेज की क्राफ्ट किंग एयर बी 90-एल एयर एंबुलेंस सोमवार रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस मेडिकल चार्टर्ड फ्लाइट में दो पायलट समेत कुल 7 लोग सवार थे। इनमें एक मरीज, एक डॉक्टर, दो अटेंडेंट और एक पैरामेडिक थे। विमान पर सवार सभी सात लोग हादसे के शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने विमान के टुकड़े और शव देखे हैं। जानकारी के अनुसार, हादसा चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ गांव के पास स्थित घने जंगलों में हुआ। एयर एंबुलेंस ने रांची से दिल्ली के लिए टेकऑफ किया था। थोड़ी ही देर में एयर एंबुलेंस का संपर्क रडार से टूट गया और हादसे का शिकार हो गया। एयर एंबुलेंस क्रैश होने के बाद गांव के आसपास अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, इस एयर एंबुलेंस में दो कैप्टन विवेक विकास भगत व स्वराजदीप सिंह के अलावा पेशेंट संजीव कुमार, अटेंडेंट अर्चना देवी व ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा सवार थे। एयर एंबुलेंस क्रैश होने की सूचना चतरा जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस को मिली। फौरन प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल के आसपास के इलाके को घेर दिया गया। आगे किसी को नहीं जाने दिया गया।
एसपी और डीसी ने क्या कहा
चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने बताया कि विमान शाम करीब 7:30 बजे लापता हो गया थ। यह सिमरिया के बरियातु पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उपायुक्त ने कहा कि चूंकि घटनास्थल घने जंगल में है, इसलिए वह अभी हताहतों की पुष्टि नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि एक टीम भेजी गई है। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान क्रैश हुआ है। दुर्घटनास्थल घने जंगल में है।

रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने क्या कहा
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि एयर एंबुलेंस ने शाम करीब 7.10 बजे रांची से उड़ान भरी थी। निदेशक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में बताया कि रांची से सात लोगों को लेकर जा रही एक एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना प्रशासन से प्राप्त हुई। एंबुलेंस के उड़ान भरने के 20 मिनट बाद उसका हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से संपर्क टूट गया था। कुमार ने कहा कि खराब मौसम दुर्घटना का एक कारण हो सकता है, लेकिन वास्तविक कारण की जानकारी जांच के बाद ही मिलेगी।
डीजीसीए की ओर से आया बयान
इस बीच डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि 23 फरवरी 2026 को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी-90 विमान वीटी-एजेवी, रांची-दिल्ली मार्ग पर एयर एंबुलेंस उड़ान पर था, लेकिन यह झारखंड के चतरा जिले की कसरिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सात लोग सवार थे, जिनमें 41-वर्षीय एक मरीज और चालक दल के दो सदस्य शामिल हैं। बयान में कहा गया गया कि विमान ने भारतीय समयानुसार 19:11 बजे रांची से उड़ान भरी। कोलकाता से संपर्क स्थापित होने के बाद, भारतीय समयानुसार 19:34 बजे, विमान का वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व स्थित कोलकाता से संचार और रडार संपर्क टूट गया। जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीम घटनास्थल पर मौजूद है और वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की एक टीम को जांच के लिए भेजी जा रहा है।

रेडबर्ड के बेड़े में छह विमान
इस बीच, डीजीसीए की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली स्थित गैर-निर्धारित उड़ान संचालक रेडबर्ड के बेड़े में छह विमान हैं, जिनमें सोमवार शाम को दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान भी शामिल है।
65 प्रतिशत जलने के बाद रांची के देवकमल अस्पताल लाया गया था मरीज
रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया कि एयर एंबुलेंस की व्यवस्था एक मरीज ने की थी। उन्होंने बताया, लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार (41) को 16 फरवरी को 65 प्रतिशत जलने के बाद अस्पताल लाया गया था। उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। सिन्हा ने बताया कि परिवार वालों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने का फैसला किया। सोमवार को उन्होंने एयर एम्बुलेंस का इंतजाम किया। मरीज ने दिल्ली जाने के लिए करीब 4:30 बजे अस्पताल छोड़ा था।
Read Also: RANCHI NEWS: हिंदपीढ़ी में दो गुटों के बीच मारपीट, जानें फिर क्या किया पुलिस ने

