- पिछले साल की तुलना में इस बार बजट में 10% की वृद्धि की संभावना
- कृषि, ग्रामीण विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया जाएगा स्पेशल फोकस
रांची : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अबुआ बजट पेश करेंगे। करीब 1.60 लाख करोड़ रुपये का बजट सदन पटल में पेश होने की संभावना है। यह बजट आकार के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.45 लाख करोड़ रुपये का बजट था, जिसमें 10 फीसद वृद्धि का अनुमान है। इस बार बजट में कृषि, 19 लाख महिला किसानों, ग्रामीण विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष फोकस रहेगा।

किसानों के लिए सिंचाई योजनाओं के विस्तार, कृषि उपकरण व इनपुट पर सहयोग, फसल उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए बड़े प्रावधान की संभावना है। ग्रामीण विकास के तहत पंचायतों को अधिक वित्तीय अधिकार, ग्रामीण सड़कों का जाल मजबूत करने, पेयजल योजनाओं और आवास योजनाओं को गति देने पर जोर दिया जा सकता है।
राज्य गठन से 20 गुना तक बढ़ा बजट
बजट में राज्य के सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं व राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी विशेष फोकस रह सकता है। बता दें कि झारखंड का बजट राज्य के गठन के बाद से बीस गुना से अधिक बढ़ गया है, जो 2001-02 में 6,067 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 (वास्तविक) में 1,16,892 करोड़ रुपये हो गया है। 2025-26 के लिए 1,45,400 करोड़ रुपये का बजट है। बजट की तैयारी को लेकर रविवार को भी झारखंड मंत्रालय स्थित अधिकतर विभाग खुले रहे।

