Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन के आसपास आरपीएफ ने एक जांच अभियान चला कर संबलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन से 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। साथ ही दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है। जो गांजा तस्कर गिरफ्तार हुए हैं उनमें उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाले राहुल पांडे और ओडिशा के सुंदरगढ़ के रहने वाले मोहन सिंह हैं।
S-7 कोच में बैठे थे गांजा के तस्कर
आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी की ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में कुछ लोग गांजा लेकर आ रहे हैं। इस पर रांची में जब ट्रेन पहुंची तो इसके कोच संख्या एस 7 में तलाशी ली गई। कोच के सीट नंबर चार पर बैठे व्यक्ति के पास से नीले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा बरामद हुआ। यह बैग मोहन सिंह का था। मोहन सिंह को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।
मोहन सिंह की निशान देही पर गिरफ्तार हुआ दूसरा तस्कर
मोहन सिंह से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि सीट संख्या 64 पर बैठे राहुल पांडे के पास भी गंजा है। इसके बाद राहुल पांडे को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि मोहन सिंह के पास से पांच पैकेट और राहुल पांडे के पास से तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ है।
ओडिशा से गांजा खरीद कर जा रहे थे उत्तर प्रदेश
इसकी बाजार की कीमत ₹8 लाख रुपए आंकी जा रही है। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा खरीद कर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। उत्तर प्रदेश में वह गांजे की अवैध बिक्री करते हैं।

