Hazaribag : हजारीबाग के जीटी रोड से सटे महुदी मोड़ स्थित अंजली ज्वैलर्स में चोरी की घटना अंजाम दी गई है। चोरों ने सेंधमारी कर दुकान में घुसने के बाद लगभग 30 लाख रुपए से अधिक मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण पार कर दिए हैं। चोरी की इस घटना से व्यापारियों व्यवसायियों में आक्रोश है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। ज्वेलर्स दुकान के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अनिल सोनी की अंजली ज्वैलर्स नाम से महुदी मोड पर दुकान है। वह किराए पर अपनी दुकान चला रहे हैं। बताते हैं कि बुधवार को तड़के उनके पड़ोसियों ने फोन किया। इसके बाद, अनिल सोनी दुकान पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि चोरों ने दुकान के बगल में स्थित गलियारे की दीवार में सेंधमारी की है। बड़ा सा गोल छेद करके चोर अंदर घुसे।
तिजोरी काट कर की गई है चोरी
दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। लेकिन सभी कैमरों को प्लास्टिक से ढक दिया गया है। ताकि चोरों की गतिविधि कैमरे में कैद ना हो सके। इसके बाद चोरों ने तिजोरी को काटकर उसमें रखे आभूषण चोरी किए हैं।
सहरी करने उठी महिला को चोरों ने दिखाई थी पिस्टल
बताते हैं कि पड़ोस की एक महिला सहरी करने उठी थी। तब उसकी नजर अनजान नकाबपोश युवकों पर पड़ी। उसने आवाज लगाई तो बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए महिला को चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद महिला सहम गई और घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद जब उसने परिजनों को बताया। तब लोग बाहर निकले। लेकिन, तब तक चोर फरार हो चुके थे। महिला ने बताया कि चोरों की संख्या चार से पांच के बीच में थी। घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी अजीत कुमार विमल और थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि सभी बदमाश ड्रेस कोड में थे। सभी सफेद रंग के कपड़े पहने हुए थे और चेहरे पर नकाब लगाए हुए थे। सभी चोरों के पास पिस्तौल था।
चौपारण इलाके में लगातार बढ़ रहा है अपराध का ग्राफ
चौपारण इलाके में हाल ही में कई आभूषण दुकानों में चोरी हुई है। बाजार स्थित जगदंबा ज्वेलर्स से अंगूठी की चोरी की गई। छाया ज्वेलर्स में अंगूठी की चोरी हुई है। झापा मोड़ स्थित दुकान से गहने की चोरी की पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे पहले गणेश सरकार की दुकान में दो बार डकैती भी पड़ चुकी है। दो दिन पहले मुंबई के व्यवसायी पिंटू यादव के गले से सोने की चेन की छिनतई कर ली गई। बताया जा रहा है कि इलाके में इन दिनों अपराध का ग्राफ बढ़ा है।
पुलिस अपराध पर लगाम नहीं लग पा रही है। चोरी की घटनाओं से कारोबारी दहशत में हैं। व्यवसायी संघ के अध्यक्ष शंकर यादव ने मांग की है कि बाजार इलाके में नियमित मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग शुरू की जाए। साथ ही बाइक पेट्रोलिंग से डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि पुलिस घटना का खुलासा करने में जुट गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

