धनबाद : झारखंड के धनबाद स्थित सिविल कोर्ट परिसर में बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति की ओर से यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। धमकी के बाद प्रशासन ने एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया।
तत्काल एक्शन, खाली कराया गया पूरा परिसर
सूत्रों के अनुसार, कोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि परिसर के भीतर बम लगाए गए हैं और किसी भी समय विस्फोट किया जा सकता है। सूचना मिलते ही जजों, न्यायिक कर्मियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बड़ी संख्या में तैनात किया गया पुलिस बल
घटना की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सिटी एसपी, डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
28 भवनों की घेराबंदी कर सघन तलाशी
पुलिस ने सिविल कोर्ट परिसर के सभी 28 भवनों को घेराबंदी कर दिया। एक-एक कमरे, चैंबर और परिसर के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी चल रही है। इसके साथ ही आरपीएफ की डॉग स्क्वॉड टीम को भी लगाया गया है। स्निफर डॉग्स की मदद से विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है। महिला आरक्षित पुलिस बल को भी अतिरिक्त सुरक्षा के लिए बुलाया गया है।
नहीं मिला संदिग्ध पदार्थ, तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में अब तक कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इसे पूरी तरह खारिज करने से पहले व्यापक जांच कर रही हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं झूठी धमकियां
हाल के दिनों में रांची, पटना और अन्य शहरों के न्यायालय परिसरों में भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में झूठी साबित हुई थीं। हालांकि प्रशासन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहा है।
Read Also- Jharkhand Sudha Milk Price Hike : होली से पहले महंगाई का झटका, आज से लागू हुए सुधा दूध के नए RATE

