Chatra : चतरा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बिहार के गयाजी जिले के डुमरिया से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही एक स्लीपर बस बेकाबू होकर पलट गई। यह दुर्घटना चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर मोरैंवा टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले एनएच-22 पर हुई। हादसा बस का अगला टायर अचानक फटने की वजह से हुआ।
एक चश्मदीद ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। बस में सवार यात्री अनुज कुमार ने बताया कि घाटी क्षेत्र में पहुंचते ही अचानक आगे का टायर ब्लास्ट हो गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में करीब 12 यात्री घायल हो गए। कई यात्रियों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान जहानाबाद निवासी राकेश कुमार, गयाजी के वजीरगंज निवासी रंधीर कुमार, डुमरिया के संजीत कुमार, चतरा के सुजीत कुमार, बगरा के कमलेश कुमार और जोरी के अमृत कुमार के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
बताया गया कि यह बस डुमरिया से दोपहर करीब 1:30 बजे रायपुर के लिए रवाना होती है और रानीगंज, शेरघाटी, डोभी व चतरा होते हुए अपने निर्धारित मार्ग पर चलती है। हादसे के वक्त भी बस अपने तय रूट पर ही थी।
चतरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा किया जा रहा है, ताकि सड़क पर यातायात सामान्य हो सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

