Latehar : ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें उपायुक्त ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की आवश्यकता है। इसके साथ ही हमें विशेष एहतियात एवं निगरानी बरतने की आवश्यकता है, ताकि शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में आगामी त्योहारों को संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में एक साथ कई त्योहार हैं। ईद, सरहुल और रामनवमी का त्योहार है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जुलूस एवं शोभायात्रा के दौरान निकाले जाने वाले झंडों, वाहनों पर लगे साउंड सिस्टम (डीजे) तथा झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 4 मीटर (13 फीट) से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह नियम सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है तथा इसका उल्लंघन करने पर संबंधित आयोजकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को रामनवमी पर विधि व्यवस्था संधारण के लिए पूरी चौकसी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमण्डल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारियों को रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक तथा फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी शरारती तत्व द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश की गई, तो उसके विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त द्वारा दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक जुलूस आयोजकों से समन्वय स्थापित कर लें कि जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाली जाएगी। और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी अपने स्तर से रूट का भी जांच कर लें।
उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को रामनवमी जुलुस निकाले जाने के दौरान बिजली से संबंधित दुर्घटना के रोकथाम के लिए बिजली काटने का निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न पूजा एवं जुलूस समितियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक संगठनों और जिले के गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद किया।
दिन-रात सक्रिय रहेगा साइबर सेल
बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि आगामी पर्व में किसी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या नहीं हो, इसके लिए साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक सद्भाव में विघ्न उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरूद्ध विधिसम्मत प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी कर रहा है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना देने के लिए जिला स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल कर सूचना साझा की जा सकती है। इसके साथ ही साइबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 अथवा 112 पर कॉल कर सूचना साझा कर सकते हैं।
डीजे संचालकों से भराए जाएंगे बॉन्ड
एसपी ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलुस के दौरान अभद्र गाने न बजे, इसके लिए डीजे संचालक से बॉन्ड भरा लें। असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी एवं गश्ती करने का निर्देश दिया।
इनकी भी रही उपस्थिति
बैठक में जिला परिषद की अध्यक्ष पूनम देवी, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ बिपिन कुमार दुबे, नगर पंचायत के अध्यक्ष महेश सिंह और मनिका के विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव भी उपस्थित थे।

