खूंटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाओं का विस्तार करने तथा पर्यटन को रोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया है। वे शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिलास्तरीय पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उनके निर्देश पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आलोक शिकारी कच्छप ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य रूप से जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाओं के विस्तार को लेकर विमर्श किया गया।
प्रमुख पर्यटन स्थलों तक हो बेहतर पहुंच पथ जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक बेहतर पहुंच पथ, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। साथ ही पर्यटन स्थलों के समुचित प्रचार-प्रसार एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पर्यटन को रोजगार से जोड़ने की दिशा में कार्य करने को कहा गया। इस दौरान उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने कई आवश्यक सुझाव एवं प्रस्ताव भी दिए।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाए और पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जाए। डीडीसी ने कहा कि जिले की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देना प्राथमिकता है।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

