
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के साकची थाना क्षेत्र स्थित टिस्को वाटर टावर के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव पड़े होने की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी, जिसके बाद साकची थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक थी, दुर्घटना का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
साकची थाना पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

