Chaibasa : मंझगांव-चाईबासा मुख्य सड़क पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के सरडीहा गांव के पास की है। बताते हैं कि सरडीहा गांव निवासी अनिता बिरुवा पानी से भरी बाल्टी लेकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान मंझगांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टाटा मैजिक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत कुमारडुंगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टाटा मैजिक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। शाम हो जाने के कारण शव का पोस्टमार्टम रविवार को चाईबासा सदर अस्पताल में कराया जाएगा।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना लगातार हादसों का कारण बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
READ ALSO: Jharkhand Bureaucracy : नौकरशाही : पेपरवेट वाली चर्चा

