चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय जारकी में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां के प्रधानाध्यापक की लापरवाही के कारण कक्षा आठवीं के 58 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, जिससे उनके भविष्य पर संकट मंडराने लगा है।
बताया गया कि झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच आठवीं बोर्ड परीक्षा के लिए पोर्टल के माध्यम से छात्रों का पंजीकरण किया जाना था। लेकिन विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमल किशोर महतो ने समय पर इस प्रक्रिया को पूरा नहीं किया। इसके चलते 32 लड़के और 26 लड़कियां, कुल 58 विद्यार्थी परीक्षा से वंचित रह गए।
इस घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सोमवार को स्कूल परिसर में अभिभावक कार्तिकेश्वर प्रजापति की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानाध्यापक भी मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक से जवाब-तलब किया कि आखिर उनके बच्चे परीक्षा से वंचित कैसे हो गए।
इस पर प्रधानाध्यापक ने सफाई देते हुए कहा कि सर्वर डाउन होने के कारण पोर्टल नहीं खुल सका, जिससे पंजीकरण नहीं हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि अब बच्चे अगले वर्ष परीक्षा में शामिल होंगे। यह सुनते ही अभिभावक और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में वंचित विद्यार्थियों की परीक्षा इसी वर्ष कराई जाए, अन्यथा विद्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक और शिक्षा विभाग की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिभावकों और ग्रामीणों ने उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापक को तत्काल पद से हटाया जाए।
बैठक के अंत में प्रधानाध्यापक कमल किशोर महतो ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए अभिभावकों और ग्रामीणों के समक्ष लिखित बॉन्ड भी दिया।
बैठक में हेमपाल प्रजापति, गांधी हेंब्रम, शिव चरण तांती, सुभाष प्रधान, संगीता देवी, नीलमणि देवी, कमल मोहांती, पंगेला बोदरा, चारिबा सामाड, पारी पूर्ति, कृष्णा बोदरा, ज्योति बोदरा, गोलोंची बोदरा, कृष्णा चंद्र कुंभकार, ललित प्रजापति, विश्वजीत बोदरा, उमेश प्रधान, गीतांजलि कुंभकार (शिक्षिका), सत्यवती हेंब्रम (शिक्षिका), बिशेश्वर महतो (शिक्षक), राम कृष्ण बोदरा, देवचरन प्रजापति, रवि तांती, मानसिंह बोदरा, नित्यानंद प्रजापति, सुनिआ बोदरा (अध्यक्ष), संजू कुमारी नायक (संयोजिका), चामटयू प्रधान, दिलीप प्रजापति, अमृता देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
Chaibasa News : Chakradharpur Train Accident : मुर्गा महादेव रोड स्टेशन के पास एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, दोनों लाइन बाधित

