Jamshedpur : जमशेदपुर में रामनवमी पर्व को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में है। गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिला में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस उप-महानिरीक्षक (जगुआर) रांची इंद्रजीत महथा एवं एसएसपी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मीटिंग में सभी अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने, जुलूस एवं शोभायात्रा मार्गों का भौतिक सत्यापन करने तथा सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक सहित सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
इसके बाद, डीआईजी इंद्रजीत महथा और एसएसपी ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वर्णरेखा घाट, दोमुहानी, बालूघाट, बेलीबोधन, ग्रीन पार्क/डीवीसी, बागबेड़ा घाट और शास्त्रीनगर क्षेत्र का दौरा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर में रामनवमी का त्योहार शुक्रवार को मनाया जाएगा, जबकि विसर्जन जुलूस शनिवार को निकाला जाएगा। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

