Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में नियमों को ताक पर रखकर चल रहे भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के नेतृत्व में सोमवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
दस्तावेज से लेकर ओवरलोडिंग तक की हुई जांच
अभियान के दौरान भारी वाहनों के परिवहन संबंधित दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, टैक्स, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा तथा ओवरलोडिंग की गहन जांच की गई। मुफ्फसिल थाना अंतर्गत बाईपास चौक के समीप यह जांच अभियान चलाया गया।
उपायुक्त के मार्गदर्शन में हो रही कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन पर नियमित रूप से जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन कर परिवहन कर रहे भारी वाहनों पर नियमानुसार फाइन लगाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो वाहन स्वामी वाहनों को मोडिफाइड कर या गलत तरीके से वाहन की क्षमता बढ़ाए हैं, उन सभी वाहनों को जब्त किया जाएगा और नियम अनुसार जुर्माना वसूला जाएगा।
1.35 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया
जांच अभियान के दौरान दस्तावेज में त्रुटि रखने तथा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले भारी मालवाहक वाहनों पर कुल 1,35,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। डीटीओ ने कहा कि ओवरलोडिंग से सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं और हादसों की आशंका बढ़ती है।
नियमित चलेगा अभियान
परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि जिले में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर रोक के लिए यह जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे सभी दस्तावेज पूर्ण रखें और क्षमता से अधिक माल का परिवहन न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Jamshedpur News : जमशेदपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने महिला को कुचला, ड्राइवर घटनास्थल से फरार

