रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार परीक्षा के लिए नई नियमावली लागू की गई है, जिसके तहत आवेदन प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए गए हैं।
परिषद की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में विज्ञापन संख्या 30/2024 के तहत आवेदन किया था, उन्हें भी नए सिरे से आवेदन करना अनिवार्य होगा। ऐसे उम्मीदवारों को आवेदन करते समय भाषा-द्वितीय का चयन दोबारा करना होगा और सभी आवश्यक जानकारियां पोर्टल पर भरनी होंगी। हालांकि, पहले से शुल्क जमा कर चुके अभ्यर्थियों से दोबारा फीस नहीं ली जाएगी।
आयु सीमा और छूट का प्रावधान
JTET 2026 में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 तक 21 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु सीमा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार होगी। वहीं, पारा शिक्षकों को विशेष छूट दी गई है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अंतर्गत कार्यरत ऐसे सहायक अध्यापक, जिनकी सेवा कम से कम दो वर्ष की है, उन्हें संविदा अवधि के बराबर आयु में छूट मिलेगी।
उनके लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष तक निर्धारित की गई है। इसके अलावा अन्य अभ्यर्थियों को पिछली और आगामी पात्रता परीक्षा के बीच के अंतराल के आधार पर एक बार विशेष आयु छूट दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि पिछली परीक्षा 2010 में और अगली 2020 में हुई थी, तो नौ वर्ष तक की छूट प्रदान की जा सकती है।
दो स्तरों पर होगी परीक्षा
परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी। पहला स्तर कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक) और दूसरा स्तर कक्षा 6 से 8 (उच्च प्राथमिक) के लिए होगा। अभ्यर्थी दोनों स्तरों की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक स्तर के लिए 2 घंटे 30 मिनट का एक समेकित प्रश्नपत्र होगा। दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 30 मिनट का समय दिया जाएगा।
इस बार एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं में भूमिज भाषा को भी शामिल किया गया है, जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय-समय पर अपडेट लेते रहें।
Read Also: Jharkhand School: झारखंड में सरकारी स्कूलों का समय बदला, 1 अप्रैल से होगा प्रभावी

