Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के दारा गांव में एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। यहां 28 वर्षीय मोइका पूर्ति ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इससे इलाके में शोक का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि मोइका पूर्ति शादीशुदा था और उसकी पत्नी इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। सोमवार रात उसने अपनी मां से खाना मांगा और इसी दौरान पत्नी से फोन पर बातचीत भी कर रहा था। हालांकि, खाना आने से पहले ही वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह घर से करीब 400 मीटर दूर तालाब किनारे एक नीम के पेड़ में गमछे के सहारे फंदा लगाकर झूल गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब उसका छोटा भाई उसे खोजते हुए तालाब के पास पहुंचा और उसे फंदे से लटका देखा।
इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले पर अरविंद कुशवाहा ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Read also Dhanbad News : धनबाद में रिटायर्ड आर्मी हवलदार के घर डकैती, बच्चों को बंधक बनाकर 20 लाख की लूट

