Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्या सोय ने चेन्नई में आयोजित किक बॉक्सिंग नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जमशेदपुर लौटने पर मानगो स्थित तिलका मांझी डिमना चौक पर आदिवासी एकता मंच के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सभी ने दिव्या को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोच विजय सोय ने दिव्या की इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिव्या आने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी। दिव्या ने इस प्रतियोगिता में कोच जादू मुनि हेंब्रम के मार्गदर्शन में हिस्सा लिया था।
स्वागत समारोह में मानगो के महापौर, उप महापौर राहुल कच्छप, पूर्व मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और आदिवासी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी दिव्या को सम्मानित किया।
पूर्वी सिंहभूम जिला किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव जेना राम बोदरा और कोच कारिया मार्डी ने भी दिव्या की इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

