Jamshedpur : शहर में बढ़ती गर्मी के साथ मौसमी बीमारियों ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसी बीच बागबेड़ा के घाघीडीह बस्ती में चिकन पॉक्स के मामले सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल बन गया है।
बुधवार को संक्रमण की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर जिला सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
घर-घर सर्वे और जांच अभियान तेज
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. असद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित इलाके में डोर-टू-डोर सर्वे अभियान चलाया। इस दौरान तीन लोगों में चिकन पॉक्स की पुष्टि हुई है। वहीं दो अन्य संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज की लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।
टीम में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सहिया और एएनएम भी शामिल हैं, जो लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं।
गर्मी और कमजोर इम्युनिटी से बढ़ता खतरा
सिविल सर्जन ने बताया कि बढ़ते तापमान के साथ वैरिकेला-जोस्टर वायरस अधिक सक्रिय हो जाता है। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह संक्रमण तेजी से फैलता है।
लोगों को दी गई ये अहम सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है:
- संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें
- घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें
- तेज बुखार, लाल दाने या खुजली जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं
- बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करें
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है, लेकिन लोगों से सतर्क रहने और किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई है।

