Koderma : कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव छिपाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दो दिन पहले दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला का शव बरामद कर लिया है।
गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र स्थित झगरूडीह गांव निवासी सोनू देवी ने तिलैया थाना में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी प्रीति कुमारी की हत्या उसके पति पवन सोनार ने कर दी है और शव को कहीं छिपा दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में चार विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली और तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो गांव स्थित सतपुलिया के पास झाड़ियों में काले प्लास्टिक में लिपटा महिला का शव बरामद किया गया। परिजनों ने शव की पहचान प्रीति कुमारी (25) के रूप में की।
घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, मुख्य आरोपी पति पवन सोनार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी गिरिडीह से बरामद कर लिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने पति पर बेलन से हमला किया था, जिसके बाद गुस्से में आकर पति ने उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Read Also: Palamu Road Accident : अंचलाधिकारी की गाड़ी में ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो सीओ समेत तीन घायल

