Jamshedpur : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के तहत शहर में चल रही नागरिक सुविधाओं और विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर मंगलवार को अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की।
बैठक में विशेष पदाधिकारी, सहायक अभियंता (एई) और कनिष्ठ अभियंता (जेई) मौजूद रहे। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनोपयोगी सेवाओं की प्रगति का बारीकी से आकलन किया गया।
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने खास तौर पर जेई स्तर के अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे फील्ड में लगातार निगरानी रखें और किसी भी तरह की समस्या को तुरंत दूर करें, ताकि कार्यों में देरी न हो।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जमीनी स्तर पर नियमित निरीक्षण और बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

