RANCHI: रिम्स से जुड़े जमीन अतिक्रमण और अवैध खरीद-बिक्री मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को एसीबी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में कार्तिक बड़ाइक, राज किशोर बड़ाइक, चेतन कुमार और राजेश कुमार झा शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी दस्तावेज और पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए जमीन की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे थे। इस मामले को लेकर एसीबी को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले भी एसीबी ने मामले से जुड़े कई लोगों और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की थी। जांच के दौरान जमीन के कागजात, लेन-देन और पावर ऑफ अटॉर्नी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पड़ताल की गई। अधिकारियों का मानना है कि यह पूरा मामला एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। एसीबी फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

