RANCHI: लोक भवन रांची में मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें जनहित और राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की सीख दी।उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं और इसे विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए अधिकारियों को समर्पित भाव से कार्य करना होगा। राज्यपाल ने प्रशिक्षुओं को जमीनी हकीकत से जुड़े रहने, नियमित फील्ड विजिट करने और आम जनता से लगातार संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक सेवा में किसी अधिकारी की पहचान उसके कार्य और व्यवहार से होती है। इसलिए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। राज्यपाल ने अधिकारियों को हर परिस्थिति में सतर्क और सक्रिय रहते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की सलाह दी। मौके पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी भी मौजूद रहे।

