RANCHI: रांची नगर निगम में सोमवार को मेयर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में शहर में जल समस्या को लेकर बैठक हुई। जिसमें सभी वार्डों के पार्षदों के अलावा जुडको, रांची नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे। पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्याओं से मेयर व अधिकारियों को अवगत कराया। मेयर ने वार्डों की समस्याएं सुनने के बाद कहा कि तीन सालों से वार्ड के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे है।
आज जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं बताई है। कल से ही अधिकारी वार्डों में जाकर आन स्पॉट समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आफिस से निकलकर फील्ड में काम करें या फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि आफिस में बैठने से काम नहीं चलेगा। अगर कोई अधिकारी फील्ड में नहीं जाता है तो उन्हें स्पष्ट करना होगा कि फील्ड में क्यों नहीं जाना चाहते। जनता को पानी पिलाना चाहते है या नहीं ये भी बताना होगा।
पार्षदों ने गिनाई समस्याएं
वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने इलाके की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान पार्षदों ने हंगामा भी किया। पार्षदों ने बताया कि उनके इलाके में पाइपलाइन बिछ गई है तो पानी नहीं आ रहा है। कुछ पार्षदों का कहना था कि आजतक पाइपलाइन ही नहीं बिछी है तो पानी तो दूर की बात है। कुछ जगहों पर पाइपलाइन एनओसी की वजह से फंसी हुई है। इस वजह से भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा समस्या गर्मी में होगी। इसे लेकर अभी से तैयारी करने की मांग की गई है। जिससे कि गर्मी में लोगों की पानी के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
विभागों को दिया गया निर्देश
मेयर ने कहा कि छोटी-छोटी समस्या है। एनओसी का मैटर सामने आया है। पथ निर्माण विभाग से एनओसी के लिए पत्राचार किया गया है। हमने विभाग से पत्र मांगा है। जिससे कि विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी और समस्या का हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर समस्या देखे और उसका समाधान करें।
क्या कहते है पार्षद

हमारे वार्ड में पाइपलाइन बिछाने के लिए रोड खोदकर छोड़ दिया गया है। जिससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह पर पानी की पाइपलाइन बिछा दी गई है। पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। हमलोगों ने अपनी समस्याएं बताई है। इसके लिए आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।
संगीता देवी

वार्ड में समस्याएं तो बहुत है। पानी की समस्या सबसे बड़ी है। हमलोग समस्याएं उठाते रहेंगे और ये भी प्रयास किया जाएगा कि तत्काल उसे दूर किया जाए। 16 अप्रैल को बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। जिसमें मुद्दों को गंभीरता से उठाया जाएगा।
शशि सिंह

हमलोगों ने अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करा दिया है। पानी की समस्या को लेकर डिटेल में जानकारी अधिकारियों को दी गई है। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होगा तो हमलोग फिर से आवाज उठाएंगे। इसके लिए समय भी निर्धारित किया गया है। इसके बाद समीक्षा की जाएगी कि कितना काम हुआ है।
मो असलम

