Ghatshila : बहरागोड़ा नेशनल हाईवे 49 पर मंगलवार की देर शाम ‘बाला एंड संस’ कंपनी के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक से घर लौट रहे दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने पड़ोसी राज्य ओडिशा रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरसोल थाना क्षेत्र के गुरूसाई गांव निवासी बिक्रम मुंडा (25)और तारक मुंडा (38) बहरागोड़ा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-49 पर पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
घटनास्थल पर मच गई थी चीख पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एम्बुलेंस की मदद से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की स्थिति काफी चिंताजनक है।
ओडिशा कर दिया गया रेफर
सीएचसी के चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बिक्रम और तारक दोनों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा (ओडिशा) रेफर कर दिया है।

