
रांची : राष्ट्रीय उच्चपथ पर यात्रा के दौरान यदि आपका वाहन खराब हो जाए, सड़क दुर्घटना हो जाए या रास्ते में किसी भी तरह की परेशानी आ जाए तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। भारतीय राष्ट्रीय उच्चपथ प्राधिकरण (एनएचएआई) ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसी किसी भी आपात स्थिति में 24 घंटे संचालित हाईवे हेल्पलाइन 1033 पर कॉल करें। सूचना मिलते ही संबंधित परियोजना इकाई, एम्बुलेंस, क्रेन, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और अन्य आपातकालीन सेवाएं तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएंगी।
एनएचएआई के अनुसार, 1033 हेल्पलाइन पर वाहन में तकनीकी खराबी, सड़क दुर्घटना, मार्ग पर अवरोध, जलभराव, गड्ढे, क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर, टोल प्लाजा से जुड़ी समस्या समेत किसी भी आपात स्थिति की सूचना दी जा सकती है। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाती है, जिससे यात्रियों को राहत मिले और यातायात सुचारु बना रहे।
मानसून को देखते हुए विशेष सतर्कता
मानसून के मद्देनजर एनएचएआई ने राष्ट्रीय उच्च पथ पर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही है। जल निकासी व्यवस्था की निगरानी, गड्ढों की समयबद्ध मरम्मत, सुरक्षा संकेतकों और क्रैश बैरियर का रखरखाव तथा 24 घंटे हाईवे पेट्रोलिंग के जरिए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
हर नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : संतोष कुमार आर्य
एनएचएआई, क्षेत्रीय कार्यालय झारखंड के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय उच्चपथ पर यात्रा करने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी हिचकिचाहट के 1033 पर संपर्क करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

