Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतगढ़ घासू कॉलोनी में एक अज्ञात महिला ने घर में घुसकर लगभग लाखों रुपये के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। भिखारी के वेश में आई महिला, सीधे घर में घुसी।
मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी मनोज राय के घर में एक अज्ञात महिला भिखारी के वेश में पहुंची। मुख्य दरवाजा खुला होने का फायदा उठाते हुए वह सीधे अंदर दाखिल हो गई। उस समय घर में मनोज राय की पत्नी अकेली थीं। बताया जा रहा है कि गृहिणी उस वक्त आराम कर रही थीं और उन्हें झपकी लग गई थी। इसका फायदा उठाकर महिला ने घर के अंदर रखी अलमारी को निशाना बनाया। आरोपी महिला ने बिना किसी तोड़फोड़ के अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी निकाल ली। अनुमान है कि चोरी गए जेवरों की कीमत लाखों रुपये है। घटना को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे घर के अंदर मौजूद महिला को भनक तक नहीं लगी।
सीसीटीवी फुटेज ने इस चोरी के पीछे एक संगठित गिरोह की आशंका को और मजबूत कर दिया है। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि महिला ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया होगा। उनका कहना है कि सामान्य स्थिति में इतनी बड़ी हलचल के बावजूद किसी का न जागना संदिग्ध है। लेकिन पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले वही महिला कॉलोनी के 3-4 अन्य घरों में भी गई थी। हालांकि वहां उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। यह लापरवाही अब इलाके के लोगों को भारी पड़ती नजर आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद जैतगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

