
Jamshedpur : छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय की छात्राओं ने क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया वाराणसी चैप्टर द्वारा आयोजित 12वें राष्ट्रीय 5S कॉन्क्लेव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय था— “हाउसकीपिंग बियांड 5S: विश्वस्तरीय कार्यप्रणालियों के लिए सतत विकास एवं अनुशासन की संस्कृति”। इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी QCFI वाराणसी चैप्टर ने की।
विद्यालय की छात्राएँ इशिका सिंह, अनुष्का कुमारी एवं आयशा भारती ने केस स्टडी प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘पार एक्सीलेंस अवार्ड’ प्राप्त किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति, विषय की गहरी समझ तथा आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन की निर्णायक मंडल ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने विजेता छात्राओं को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी सिद्ध होगी।

