चतरा। झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दंतार गांव में गुरुवार को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पंचमुखी हनुमान मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीण बाजार बंद कर सड़क पर उतर गए।
मंदिर की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने की खबर फैलते ही एक समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने दंतार गांव के तिरमुहानी चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। घटना के विरोध में पूरे क्षेत्र की दुकानें स्वतः स्फूर्त बंद रहीं।
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने इस शर्मनाक कृत्य में शामिल दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक पुलिस आरोपियों को पकड़कर जेल नहीं भेजती, उनका विरोध जारी रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दंतार बाजार पूरी तरह से बंद रहा और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
‘धार्मिक भावनाएं भड़काने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’
लोगों के जमा होने तथा माहौल तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की और भरोसा दिलाया कि धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और डीएसपी को फोन पर दी है। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया। पुलिस सीसीटीवी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों को चिह्नित करने में जुटी है।

