Home » Jharkhand Crime : पारसनाथ–लुगूझुमरा क्षेत्र में माओवादी दस्ते का सफाया; सहदेव महतो के मारे जाने से संगठन की कमर टूटी

Jharkhand Crime : पारसनाथ–लुगूझुमरा क्षेत्र में माओवादी दस्ते का सफाया; सहदेव महतो के मारे जाने से संगठन की कमर टूटी

Jharkhand Crime : सुरक्षा बलों ने मौके से एके-47, कोल्ट एआर-15 राइफल और इंसास राइफल सहित अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : पारसनाथ की पहाड़ियों से लेकर लुगूझुमरा, संघरी घाटी और कुंदा के जंगलों तक सक्रिय माओवादी नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। 15 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमांडर सहदेव महतो के मारे जाने के बाद माओवादियों को बड़ा झटका लगा है।

हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के खपिया जंगल में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार माओवादी मारे गए। मारे गए माओवादियों में 15 लाख रुपये का इनामी सहदेव महतो भी शामिल है।

सीआरपीएफ आईजी साकेत कुमार सिंह ने पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ–लुगूझुमरा सीमावर्ती इलाके में माओवादी दस्ता सक्रिय है। इसके बाद जिला पुलिस और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने केरेडारी के खपिया जंगल में घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया। सुरक्षा बलों को देखते ही माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ में चार माओवादी ढेर हो गए। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में चार शव, चार हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। मारे गए उग्रवादियों की पहचान रीजनल कमेटी सदस्य सहदेव महतो (इनाम 15 लाख), जोनल कमेटी सदस्य रंजीत गंझू (इनाम 10 लाख), जोनल कमेटी सदस्य नताशा (गढ़चिरौली निवासी) तथा चतरा निवासी बुधन करमाली (इनाम 1 लाख) के रूप में हुई है।

सुरक्षा बलों ने मौके से एके-47, कोल्ट एआर-15 राइफल और इंसास राइफल सहित अन्य सामान भी बरामद किए हैं। आईजी ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद पारसनाथ–लुगूझुमरा, हजारीबाग-चतरा सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय माओवादी दस्ते को बड़ा नुकसान हुआ है और इलाके में नक्सली गतिविधियों पर निर्णायक असर पड़ेगा।

मौके पर आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस, अनूप बिरथरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Read Also: Education News : उच्च शिक्षा में बड़े बदलाव का रास्ता साफ, झारखंड राज्य विश्वविद्यालय विधेयक 2026 को राज्यपाल ने दी मंजूरी

Related Articles

Leave a Comment