Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के उईनाला गांव में काजू बागान में काजू के पेड़ से लटकी हुई युवक की लाश मिली है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद लाश पेड़ से लटका दी गई। ताकि इसे आत्महत्या की सूरत दी जा सके और अपराध को छिपाया जा सके।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वैसे पुलिस का कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। 21 अप्रैल को उसकी बहन की शादी होने वाली थी। इसी के चलते आर्थिक तंगी की वजह से वह मानसिक तनाव में था। वैसे, पुलिस ने अपने मन मुताबिक आवेदन ले कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि पेड़ पर लटके मिले शवों के बारे में पुलिस ठीक से तहकीकात नहीं करती। जबकि, इनमें से अधिकतर मामले संदिग्ध होते हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस को इन मामलों को संदिग्ध मान कर इनकी जांच करनी चाहिए। कहा जा रहा है कि जब किसी ने घटना को होते हुए नहीं देखा है तब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही कैसे एलान कर देती है कि यह आत्महत्या का मामला है।

