गिरिडीह : जिले के सरिया थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में दो नाबालिग बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना सरिया थाना क्षेत्र के लालोकोनी गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नगमा खातुन और साहिन प्रवीण शुक्रवार रात शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
कुएं में शव देखते ही फैली सनसनी
रातभर तलाश के बाद शनिवार को सुबह भी तलाश जारी रही। इसी दौरान दोनों बच्चियों के शव गांव के एक कुएं में उतराते हुए मिले। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
बच्चियों की मौत की घटना के संबंध में थाना प्रभारी पिंकू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि ने जताया दुख
इस घटना को लेकर जिप सदस्य अनुप कुमार पांडेय ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया और अब मामले की गहन जांच की जा रही है। बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बच्चियों के परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों कैसे कुएं तक पहुंची। कैसे डूब गईं, सभी लोग इसी सवाल के जवाब की तलाश में हैं।

